उधमपुर। शहरवासियों के वाहनों की पार्किंग के लिए नगर परिषद पहली बार व्यवस्था करने जा रहा है। शहर में नगर परिषद भुगतान पार्किंग स्थल तैयार करेगा। नगर परिषद इस पर करीब 42 लाख रुपये खर्च करेगा। शहर में इस तरह की व्यवस्था पहली बार की जा रही है। इससे नगर परिषद को राजस्व बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। जल्द ही इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू होगी।
उधमपुर शहर पर्वतीय इलाका है और जहां घर ऊंचाई पर मौजूद हैं। घरों में चार पहिया निजी वाहनों को पार्क करने की व्यवस्था नहीं है। इसी का परिणाम है कि शहरवासियों को मोहल्ले व शहर की सड़कों को जहां स्थान मिलता है, वहां पर वाहनों को पार्क करते हैं। इससे शहर के अंदर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। कई बार पुलिस वाहनों के चालान काटती है। अब शहर के अंदर निजी वाहनों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है और सड़कों पर वाहनों को पार्क करने का स्थान भी नहीं बचा है। पार्किंग की व्यवस्था नगर परिषद के लिए भी चुनौती बन गया है। हालांकि शहर के अंदर कुछ लोगों ने निजी भुगतान पार्किंग की सुविधा रखी है। लेकिन अब इनमें भी वाहनों को पार्क करने स्थान नहीं है। इस परेशानी को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद ने निजी वाहनों की पार्किंग के लिए स्थान तैयार करने योजना तैयार की है। इसके लिए करीब 42 लाख रुपये मंजूर किए हैं। बिल्लनबावली इलाके में वृद्ध आश्रम के पास सरकारी जमीन पर यह पार्किंग स्थल तैयार किया जाएगा। इस बारे में नगर परिषद के वाइस चेयरमैन सुरेंद्र सिंह खालसा ने बताया कि मेगा प्रोजेक्ट के लिए नगर परिषद को दो करोड़ रुपये मिले हैं और इसमें से 42 लाख रुपये में पार्किंग स्थल के लिए रखे गए हैं। बेसमेंट में पार्किंग तैयार की जाएगी और इसके ऊपर कुछ और व्यवस्था की जाएगी।