चिनैनी। ऐतिहासिक बैणी संगम मेले में वीरवार को पौ फटते ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मेला स्थल पर सुबह पांच बजे से ही चहल पहल शुरू हो गई, जिसमें भगवान शिव और माता पार्वती के भक्तों ने देविका और तवी के संगम में स्नान कर पुण्य अर्जित करना शुरू किया।
सुबह 11 बजे तक मेला स्थल पर रौनक देखते ही बन रही थी। साथ ही मेला स्थल समेत अस्थायी दुकानें गुलजार होती चली गईं। मेले का लोगों ने पूरा लुत्फ उठाया। साथ ही लंगर का प्रसाद चखने तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। आसपास और दूरदराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव दिखाते हुए बैणी संगम में भगवान शिव के मंदिर में माथा टेका। इसके लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी हुई थीं।
मेला स्थल पर प्रशासन व पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। खास बात यह रही की ज्यादातर लोग पैदल ही आ रहे थे, जिसमें महिला और बच्चों की संख्या अधिक थी। इस दौरान लोग गाना गाते मेला स्थल पर पहुंच व वापस आ रहे थे। शाम को मेला धूमधाम से कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हो गया।
------
जलेबी और सूजी की बर्फी रही पहली पसंद
बैणी संगम मेले में बैसाखी पर हजारों लोग पहुंचे, जिन्होंने मेले का भरपूर आनंद उठाया। लेकिन, शाम को घर लौटते समय लोग पारंपरिक सौगात लेना नहीं भूले। मेले में पहुंचे लोगों की जलेबी, सूजी की बर्फी, पकोड़े और गुरगड़े पहली पसंद थे। जबकि, लोग बच्चों के लिए खिलौने, बांसुरी और गुब्बारे ले जा रहे थे। इस दौरान लगभग सौ से ज्यादा छोटी बड़ी दुकानें सजी थीं।
-------
मैदान और रास्ते बने लोगों के लिए परेशानी
बैणी संगम में जिस जगह मेला लगता है, वहां जगह काफी ऊबड़-खाबड़ है। प्राचीन समय से वहां मेला लगता आ रहा है, लेकिन आज भी वहां मैदान को समतल नहीं किया गया। इस कारण लोगों को काफी परेशानी होती है। वहीं, चिनैनी से हैड सड़क की हालत भी काफी खराब है। पैदल मार्ग भी लोगों के आने जाने में रोड़ा बनते हैं।
--------
एसडीएम ने किया मेले का उद्घाटन
चिनैनी के एसडीएम परवेज अहमद नायक ने मेला स्थल पर पहुंचकर मेले का उद्घाटन किया, और मेले के प्रबंधों का जायजा लिया। बैणी संगम पहुंचकर उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और सरकारी स्टॉलों के अलावा सजाई गई दुकानों का भी जायजा लिया। इस दौरान तहसीलदार वेद प्रकाश, एसडीपीओ अहमद शाफी जरगर, थाना प्रभारी चरण जीत सिंह और मेला कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
-----
हल्की बारिश ने दी गर्मी से राहत
चिनैनी क्षेत्र में सुबह से ही सूर्य देव की तपिश से गर्मी बढ़ गई थी। लेकिन, मेला स्थल पर दोपहर बाद हल्की बारिश होने से लोगों ने गर्मी से राहत पाई। दोपहर तीन बजे के बाद तेज हवाएं चलीं और हल्की बारिश हुई। लेकिन, तब तक हजारों लोग मेला स्थल पर भगवान शिव के दर्शन करने के बाद मेले का आनंद लेकर वापस जा चुके थे।
बैणी संगम में माथा टेकने के लिए लाइनों में लगे श्रद्धालु जयघोष लगाते हुए:- संवाद- फोटो : UDHAMPUR
बैणी संगम में खरीददारी करते हुए लोग:- संवाद- फोटो : UDHAMPUR
बैणी संगम में माथा टेकने के लिए लाइनों में लगे श्रद्धालु जयघोष लगाते हुए:- संवाद- फोटो : UDHAMPUR
बैणी संगम में खरीददारी करते हुए लोग:- संवाद- फोटो : UDHAMPUR