उधमपुर। बिरमा नाले पर बनाया गया वैकल्पिक वैली पुल 35बीआरटीएफ की ओर से कराए जा रहे मरम्मत कार्य के चलते वीरवार को बंद रहा। इस दौरान सभी तरह के वाहनों की आवाजाही सुबह 10 से शाम पांच बजे तक बाधित थी।
जिला प्रशासन ने इस संबंध में जारी आदेश में सभी संबंधित यात्रियों को नेशनल हाईवे-44 का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। मरम्मत का यह कार्य शुक्रवार को भी जारी रहेगा, इसलिए यात्रियों को आज भी निश्चित समयावधि में परेशानी होगी।
आदेश के पहले दिन वीरवार को वैली पुल पर सुबह 10 से शाम पांच बजे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रही। जिससे आम वाहनों के साथ सैन्य वाहनों को भी नेशनल हाईवे से होकर गुजरना पड़ा। जबकि, बिरमा पुल के साथ लगते क्षेत्रों के अधिकतर लोग पैदल ही पुल के इस हिस्से को पार करते नजर आए। आम यातायात भी दिन भर प्रभावित रहा। जिसका, असर शहर के धार रोड पर कल्लर से दोमेल चौक तक दिखा।
इस दौरान दिन में कई बार लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा। आदेश के परिपालन को लेकर वैली पुल क्षेत्र के दोनों किनारों पर पुलिस कर्मियों की विशेष तैनाती की गई थी। सभी वाहनों को करीब 10 किलोमीटर अतिरिक्त चलकर फ्लाटा से होकर फोरलेन राजमार्ग के जरिए उधमपुर पहुंचना पड़ा। इससे शहरवासियों के साथ गढ़ी, रैंबल, जिब, थाती, टिकरी, पंचैरी, मोंगरी, आदि इलाकों के लोगों को परेशानी हुई।
-----
जुलाई में हुई बारिश में क्षतिग्रस्त हुआ था पुल
गौरतलब है कि जुलाई में तेज बारिश के दौरान बिरमा नाले पर करीब 55 वर्ष पुराना पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसके समाधान के लिए प्रशासन ने ग्रेफ के सहयोग से पुराने पुल के साथ ही एक नया वैली पुल का निर्माण कर हल्के वाहनों की आवाजाही को सुचारू किया था। लेकिन, अस्थायी समाधान होने के कारण इस पर बस जैसे भारी वाहनों को चला पाना संभव नहीं हो पाया था। जिसके लिए बीआरटीएफ बिरमा नाले पर एक नया स्थायी पुल भी तैयार कर रही है। लेकिन, तब तक यात्रियों की परेशानी को दूर करने के लिए वैकल्पिक वैली को ही मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी के मद्देनजर अब वैली पुल के दोनों छोर पर बनाई गई एप्रोच रोड पर तारकोल बिछाने के लिए प्रशासन ने आदेश जारी कर वीरवार और शुक्रवार को दो दिन के लिए सभी वाहनों की आवाजाही को सुबह 10 से शाम पांच बजे तक के लिए बंद किया है।
उधमपुर के बिरमा पुल पर वाहनों की आवाजाही को रोकते पुलिसकर्मी- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर के बिरमा नाले पर बनाए जा रहे नए पुल पर काम करते श्रमिक- फोटो : UDHAMPUR