उधमपुर। प्रदेश में मलेरिया व डेंगू के मामलों को लेकर उधमपुर का स्वास्थ्य विभाग भी चौकन्ना हो गया है। विभाग ने जिला अस्पताल में डेंगू के टेस्ट का इंतजाम कर दिया है। वहीं, विभाग की टीमें शहर व ग्रामीण इलाकों में लोगों को जागरूक कर रही हैं। हालांकि, अभी तक जिले में डेंगू व मलेरिया का कोई मामला सामने नहीं आया है।
बीते वर्ष बरसात के दौरान जिले में डेंगू ने कहर बरपाया था। जिले में डेंगू के कुल 110 मामले सामने आए थे। इसको काबू में करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी। लेकिन, इस बार स्वास्थ्य विभाग कोई लापरवाही करने को तैयार नहीं है। अब प्रदेश के कुछ इलाकों में डेंगू व मलेरिया के मामले आते देख स्वास्थ्य विभाग ज्यादा अलर्ट हो गया है। विभाग की टीमों ने जिले के विभिन्न हिस्सों में घर घर जाकर जागरूक करना शुरू कर दिया है।
पिछले वर्ष सामने आए 110 में से ज्यादातर मामले शहर के थे। स्वास्थ्य विभाग की टीमें इन सभी के घर जाकर जागरूक कर रही है। विभाग ने इन सभी घरों की मैपिंग कर रखी है। साथ ही इनके पड़ोसियों को भी जागरूक किया जा रहा है। लोगों को बताया जा रहा है कि अगर उनको डेंगू को लेकर कोई संदेह हो रहा है तो तुरंत जिला अस्पताल पहुंच कर जांच करवाएं। जिला अस्पताल में डेंगू के टेस्ट की पूरी व्यवस्था है।
-----
मलेरिया व डेंगू के लक्षण
1. शरीर में कंपकंपी पैदा होना।
2. तेज बुखार होना।
3. शरीर व हड्डियों में तेज दर्द होना।
4. ज्यादा पसीना आना।
5. त्वचा में बहुत खुजली होना।
6. कई बार डेंगू होने पर नाक और मुंह से खून आना।
-----
मलेरिया व डेंगू से बचने के उपाय
1. घरों या आसपास पानी जमा न होने दें। क्योंकि, जमा पानी में मलेरिया व डेंगू के मच्छर पैदा होते हैं।
2. पानी के ढक्कन व टंकियों को ढंक कर रखें।
3. सप्ताह में एक बार कूलर, पानी के ड्रम, गमलों, फूलदानों और पक्षियों के बर्तन में रखे पानी को जरूर बदलें।
4. शरीर को पूरी तरह ढंकने वाले कपड़े पहनें, जिससे मच्छरों के काटने पर बचाव हो सके।
5. तेज बुखार होने पर डेंगू या मलेरिया की जांच करवाएं।
-----
जिला अस्पताल में डेंगू व मलेरिया के टेस्ट की पूरी व्यवस्था है। अभी तक डेंगू व मलेरिया का कोई मामला सामने नहीं आया है।
- डॉ. संजय भट्ट, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, जिला अस्पताल