उधमपुर। जिले में डेंगू के मामलों की बढ़ोतरी का सिलसिला वीरवार को भी जारी रहा। शाम तक चार नए मामले सामने आए। इनमें तीन लोग शहर के रहने वाले हैं, जबकि एक मामला ग्रामीण इलाके से है।
कोरोना संक्रमण से राहत मिलने के बाद अब डेंगू स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती बन गया है। अब तक कुल 16 मामले डेंगू के सामने आ चुके हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में फॉगिंग कराई जा रही है। इसके साथ जिला अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग सतर्क होकर काम कर रहा है।
वीरवार को डेंगू के कुल चार मामले सामने आए हैं। इनमें दो लोग शहर के गैड़ा तालाब इलाके में डेंगू के शिकार पाए गए। जबकि, एक शहर की आदर्श कॉलोनी में पाया गया। इसके साथ एक मामला ग्रामीण इलाके कोटली से भी मिला है। इसी के साथ जिले में डेंगू के कुल 16 मामले हो गए हैं। इनमें 14 लोग शहर में डेंगू के शिकार हुए हैं। इससे निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने शहर में फॉगिंग कराना शुरू कर दिया है।
-----
विशेष टीम कर रही लोगों को जागरूक
इसके लिए एक टीम को विशेष तौर पर तैनात किया गया है। टीम ने वीरवार को भी शहर के विभिन्न हिस्सों में फॉगिंग की। साथ ही शहरवासियों को डेंगू से बचने के लिए उपाय भी बताए। बताया गया कि सभी लोग घरों में सफाई का विशेष ध्यान रखें। डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है। इसलिए, ज्यादा समय तक पानी को जमा न होने दें। दिन में पूरी बाजू के कपड़े पहनें। बच्चों को भी पूरे कपड़े पहनाएं। अगर किसी को तेज बुखार होता है तो फौरन उसकी जांच करवाएं। सावधानी से ही डेंगू से बचा जा सकता है।