किश्तवाड़। डीसी अशोक शर्मा ने शनिवार को नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नौ, दस और आसपास के इलाकों का दौरा कर विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित पार्षदों ने सार्वजनिक मुद्दों से अवगत करवा कर समाधान की अपील की।
डीसी ने एक्सईएन जलशक्ति विभाग को लोगों की शिकायतों के निवारण के लिए ठोस कदम उठाने और वार्डों में पानी की आपूर्ति नियमित करने के निर्देश दिए। गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल से लेकर सिटी मिडिल स्कूल तक सड़क के किनारे जल निकासी व्यवस्था और मदीनातुल उलूम मदरसा क्षेत्र तक व उसके बाहर जल निकासी व्यवस्था से संबंधित मुद्दों, भूमि विवाद को हल करने के लिए तहसीलदार और ईओ नगर पालिका को निर्देश दिया। वार्ड 9 के स्थानीय लोगों को राहत सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को योजना के तहत कार्य शुरू करने के लिए कहा। माई टाउन माई प्राइड के तहत कार्यों को शुरू करने पर जोर दिया। डीसी ने स्थानीय लोगों को समयानुसार समस्याएं हल करने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर उपाध्यक्ष नगर परिषद संजीत कोतवाल, तारिक बलवान, तहसीलदार प्रमोद कुमार, सीएमओ डॉ. आरएस मन्हास आदि मौजूद रहे।