रियासी। जिला उपायुक्त कुमार अभिषेक ने जिले में विकास की गति बढ़ाने और प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समीक्षा बैठकें कीं। इनमें मुख्य रूप से कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, मिशन युवा और राजस्व विभाग के कामकाज पर ध्यान केंद्रित किया गया।
कृषि और संबद्ध क्षेत्रों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने किसानों की आय में वृद्धि के लक्ष्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने पर बल दिया। उन्होंने मत्स्य पालन, रेशम उत्पादन और भेड़ पालन विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे जमीनी दौरे तेज करें ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे किसान तक पारदर्शी तरीके से पहुंच सके।
उपायुक्त ने भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण और जमाबंदियों की तहसीलवार प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जम्मू-कश्मीर समाधान पोर्टल पर लंबित सभी जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए।
बैठक में एडीडीसी सुखदेव सिंह साम्याल, एडीसी राकेश कुमार,सीपीओ नरिंदर कुमार, एसीआर नितिन वर्मा सहित जिले के सभी एसडीएम और तहसीलदार उपस्थित रहे
मिशन युवा : पात्र मामलों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं
मिशन युवा के तहत स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए उपायुक्त ने युवा दूतों और बैंक अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बैंकों को निर्देश दिया कि लाभार्थियों के आवेदनों की प्रक्रिया को सुचारू और समयबद्ध बनाया जाए। डीसी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी आवेदन को बिना वैध और स्पष्ट कारण के अस्वीकार न किया जाए और पात्र मामलों में अनावश्यक देरी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।