रामबन। सीआरपीएफ की 87वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में चंद्रकोट स्थित 84 बटालियन मुख्यालय में आयोजित वॉलीबॉल टूर्नामेंट का मंगलवार को उत्साहपूर्ण समापन हुआ। रोमांचक फाइनल मुकाबले में एचएमबी परनोटे ने चंद्रकोट डिफेंडर्स को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में फर्स्ट लेडी एन. गयाबती देवी उपस्थित रहीं।
टूर्नामेंट का निर्णायक मैच एचएमबी परनोटे और चंद्रकोट डिफेंडर्स के बीच खेला गया। खेल प्रेमियों की भारी भीड़ के बीच परनोटे की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25-16, 23-25, 25-17 और 26-24 के अंतर से जीत दर्ज की। विजेता और उपविजेता टीमों को पदक, ट्रॉफी और खेल किट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय स्तर के मुक्केबाज और थ्री-स्टार रेफरी संदीप सिंह को सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान जवानों और प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सबका मन मोह लिया।
युवाओं को खेलों से जुड़ने का संदेश
84 बटालियन के कमांडेंट एन. रणबीर सिंह ने सीआरपीएफ के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बल 87वीं वर्षगांठ मना रहा है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को मंच प्रदान करना और उनमें अनुशासन व टीम भावना का विकास करना है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली के लिए खेलों को अपनाने की अपील की। इस मौके पर द्वितीय कमान अधिकारी विक्रम सिंह, सहायक कमांडेंट रूप राम मीणा, दीपक शुक्ला और अन्य सैन्य अधिकारी व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।