उधमपुर/चिनैनी। पटनीटाप में पर्यटकों को रात के समय लाइटिंग की सुविधा प्रदान करने के लिए पटनीटॉप डेवलपमेंट अथारिटी ने प्रयास शुरू किए हैं। करीब 23 लाख रुपये की लागत से पटनीटॉप में लाइटिंग सिस्टम को सुधारा जाएगा। इसके सुधरने के बाद पर्यटकों को रात के समय पटनीटॉप में सैर करने में परेशानी नहीं होगी। मौजूदा समय में लाइटिंग सिस्टम खराब होने के कारण पर्यटकों को रात को बहुत ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जम्मू संभाग में पटनीटॉप सबसे प्रसिद्ध पर्यटक स्थल है। देश के विभिन्न हिस्सों से हर वर्ष हजारों पर्यटक पटनीटॉप की हसीन वादियों का आनंद उठाने के लिए आते हैं। दिन को तो पर्यटक हसीन वासियों का आनंद उठा लेते हैं, लेकिन रात के समय पटनीटॉप में घूमना परेशानी का सबब बन जाती है। इसका सबसे बड़ा कारण खराब लाइटिंग सिस्टम है। पटनीटॉप में पर्यटकों के लिए लाइटें तो लगाई है, लेकिन रख रखाव के अभाव में ज्यादातर लाइटें खराब पड़ी है। रात होने पर पटनीटॉप में अंधेरा छा जाता है और पर्यटक भी बाहर निकल कर सर्कुलर रोड पर सैर करने का आनंद नहीं उठा सकते हैं। इसी को लेकर पीडीए ने 23 लाख रुपये मंजूर किए हैं। इस राशि से पटनीटाप में कई वर्षों से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट, हाई मास्ट लाइट, सोडियम लाइट और एलईडी लाइट की हालत को सुधारा जाएगा और जहां पर नई लाइट की जरूरत होगी, इसकी व्यवस्था की जाएगी। इसके पटनीटॉप में तैयार वीआईपी हट में लाइटिंग सिस्टम में सुधार के लिए 5.94 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
पटनीटॉप में कासर मोड़ और मेन चौक में काफी समय से लाइटें खराब पड़ी है। इसके साथ पार्कों में भी लाइटिंग सिस्टम में सुधार की जरूरत है। पार्क में बड़ी लगाने पर पर्यटकों को ज्यादा लाभ मिलेगा और पर्यटक रात के समय भी पटनीटाप में घूमने का आनंद उठा सकेंगे। पटनीटाप डेवलपमेंट अथारिटी ने इस तरफ ध्यान दिया है। अगर लाइटिंग सुधरता है तो पर्यटकों को बहुत लाभ मिलेगा।
- प्रकाश चंद, बीडीसी चेयरमैन और प्रधान टैक्सी यूनियन, पटनीटॉप
पटनीटाप में पांच किलोमीटर लंबा सर्कुलर रोड है। सुर्कलर रोड से पटनीटाप की सुंदरता देखते ही बनती है। लेकिन रात के समय लाइटिंग सिस्टम न होने पर पर्यटक इसका आनंद नहीं उठा सकते हैं। पार्क में भी पर्यटकों के लिए घूमना मुश्किल होता है। अगर लाइटिंग सिस्टम सुधरता है तो फोटोग्राफर का भी काम अच्छा चल सकता है।
- सुभाष चंद्र, प्रधान, फोटोग्राफर यूनियन, पटनीटॉप