जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़ने वाले डिगडोल इलाके में मंगलवार को सेना का एक ट्रक गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में ट्रक में सवार दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार आर्मी सप्लाई कोर (एएससी) के जवान चालक इंदरजीत सिंह और सिपाही विपन कुमार सामान लेकर ट्रक से श्रीनगर की ओर जा रहे थे। मंगलवार दोपहर बाद जब वे डिगडोल में आर्मी कैंप के पास पहुंचे तो ट्रक असंतुलित हो गया और वह सीधे करीब 600 फुट गहरी खाई में जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय आर्मी कैंप के जवानों और स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया। काफी गहराई के कारण जब तक बचाव दल नीचे पहुंचा, तब तक दोनों जवान दम तोड़ चुके थे। दो घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद उनके शवों को निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना की जानकारी एएससी के अधिकारियों को दे दी गई। पोस्टमार्टम के बाद सेना ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। इस दुर्घटना के संबंध में रामबन थाने में मामला दर्ज किया गया।