सेना के बेस वर्कशाप पर बिजली के तारों को ठीक करने का काम कर रहे एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। काम के समय बिजली पूरी तरह से बंद कराई गई थी, पर तार में करंट सप्लाई कैसे हो गया, इसकी जांच शुरू हो गई, इसका अभी पता नहीं चला है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक बेस वर्कशाप में निजी ठेकेदार द्वारा बिजली के तारों की मरम्मत का काम कराया जा रहा था। इसको लेकर शुक्रवार को पूरे क्षेत्र में बिजली बंद कराई गई थी। ठेकेदार के अंदर काम कर रहे तन्नाल निवासी एक युवक नील कुमार को काम करते समय अचानक करंट लगा।
झटका इतना तेज था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हर कोई यह देखकर हैरान हो गया कि आखिर बिजली सप्लाई बंद करवाई गई थी तो युवक को करंट लगा कैसे? युवक को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, पर डाक्टराें ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।