बुधवार देर शाम भमाग तहसील के डंगाकोट क्षेत्र में एक टाटा सूमो के गहरी खाई में गिर जाने से उसके चालक की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति रूप से घायल हो गया। मृतक और घायल दोनों भाई बताए जा रहे हैं।
बताया जाता है कि टाटा सूमो रोजाना सवारियों को रियासी से डंगाकोट टोट से लाने व ले जाने का काम करती है। बुधवार दोपहर को भी सवारियों को भरकर सूमो डंगाकोट के लिए रवाना हुई थी।
सभी सवारियों को उनके गंतव्य पर उतारकर चालक मोहम्मद युनिस जो वहीं का रहने वाला था, सूमो में सवार एक अन्य व्यक्ति के साथ अपने घर की तरफ लौट रहा था।
इसी दौरान एक स्थान पर सूमो के चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और सूमो गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक सूमो के चालक मोहम्मद युनिस की मौत हो गई थी। इस हादसे में मोहम्मद मकबूल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे देर रात जिला अस्पताल में लाया गया।