उधमपुर। रौन-दोमेल पुलिस चौकी की टीम ने तीन अलग-अलग वाहनों से 78 किलो से ज्यादा भुक्की बरामद कर नशीली वस्तुओं की तस्करी करने वाले चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ मामले दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार पहला वाहन मंगलवार देर रात को पकड़ा गया। रात को चौकी इंचार्ज ख्यातिमान खजूरयिा ने एसएसपी, डीएसपी व एसएचओ के निर्देश में नाका लगाकर रखा था, और श्रीनगर से पंजाब की तरफ जा रहे ट्रक नंबर पीबी11बीके-9777 को तलाशी के लिए रोका और तलाशी लेने पर पुलिस ने अंदर से करीब नौ किलो भुक्की बरामद हुई। पुलिस ने उसी समय चालक विजय कुमार और सह चालक पृथ्वी पाल निवासी नवा शहर पंजाब को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद पुलिस टीम ने बुधवार सुबह ट्रक नंबर पीबी32पी-5243 को तलाशी के लिए रोका। इस ट्रक से पुलिस ने 33.5 किलो भुक्की बरामद की और चालक चमन लाल निवासी लुधियाना को नशीली वस्तुओं की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। बुधवार दोपहर को टीम ने एक ट्रक नंबर पीबी07आर-3309 को तलाशी के लिए रोका और इस ट्रक से पुलिस ने करीब 36 किलो भुक्की बरामद की। इससे पहले रौन-दोमेल पुलिस ने करीब 45 किलो भुक्की के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। सप्ताह के अंदर रौन-दोमेल पुलिस ने एक क्विंटल भुक्की बरामद करके सात तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि नशीली वस्तुओं के खिलाफ अभियान को इसी तरह से जारी रखा जाएगा।