उधमपुर। शहर के टी मोड़ इलाके में सैनिक क्षेत्र के अंदर रविवार शाम को करंट लगने से छह वर्ष के बच्चे की मौत हो गई। जब पुलिस को इसका पता चला तो तुरंत मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार के हवाले कर दिया जाएगा।
जानकारी अनुसार शाम करीब चार बजे संदीप कुमार पुत्र जय प्रकाश निवासी छत्तीसगढ़ मौजूदा टी मोड़ उधमपुर को अचानक से करंट लगी और वह अचेत होकर जमीन पर गिर गया। परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और बच्चे को उठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बच्चे के परिजन पुरुषोतम कुमार ने बताया कि वह करीब साढ़े तीन बजे घर पहुंचा और संदीप के साथ नहाने के लिए जाने लगा। बाहर निकलने पर पता चला कि साबुन लाना भूल गया है। उसने संदीप को बोला की जाकर झुग्गी के अंदर से साबुन ले आ। वह साबुन लेने के लिया तो काफी समय तक वापस नहीं आया। वह लेने के लिए अंदर गया तो उसने संदीप को जमीन पर पड़ा देखा और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।