उधमपुर के रौन दोमेल में क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते मुख्य मेहमान
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। एनजीओ हेल्पिंग हैंड्स की ओर से रौन दोमेल में कराई जा रही साप्ताहिक क्रिकेट प्रतियोगिता सोमवार को खेले गए फाइनल मुकाबले के साथ संपन्न हुई। इसमें रौन एक की टीम ने रौन दो की टीम को हराकर जीत हासिल की।
समापन समारोह में विश्व हिंदू परिषद उधमपुर के संगठन मंत्री सुशांत शर्मा मुख्यातिथि थे। जबकि पंचायत रौन के सरपंच कृष्ण सिंह और संसार सिंह जंवाल के अलावा एनजीओ के अध्यक्ष सुभाष मगोत्रा, ऋषिका खजूरिया (हेल्पिंग हैंड्स उपाध्यक्ष) सम्मानित अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों का प्रोत्साहित करते हुए मुख्यातिथि ने कहा कि गांव में बेहतरीन खिलाड़ी हैं। प्रयास किया जाएगा कि इस प्रकार के प्लेटफॉर्म खिलाड़ियों को मिलते रहें। इसी के साथ उन्होंने युवाओं को धर्म एवं राष्ट्रहित के कार्य में बढ़ चढ़कर भाग लेने का भी आह्वान किया। मौके पर दीपक शर्मा, किशोरी शर्मा, रघुवीर सिंह, कुलदीप शर्मा, रितिका खजुरिया (यूथ क्लब अध्यक्ष), आदि भी मौजूद रहे।