उधमपुर के सुभाष स्टेडियम में जारी क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान रन लेते हुए बल्लेबाज।
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। सुभाष स्टेडियम में आयोजित न्यू ईयर बैश कप में सोमवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। इनमें एसीसी बी और यूसीसी ने शानदार जीत हासिल कर फाइनल के लिए स्थान पक्के किए। दोनों के बीच फाइनल मुकाबला मंगलवार को खेला जाएगा।
पहला सेमीफाइनल मुकाबला यूसीसी और बट्टल वॉरियर्स के बीच खेला गया। यूसीसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाए। इसमें गौरव शर्मा ने सबसे अधिक 63 रन की पारी खेली। जबकि, सुनील शर्मा ने 40 रन जोडे़। बट्टल वॉरियर्स की तरफ से पंकज राणा ने तीन ओवरों में 15 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।
167 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बट्टल वारियर्स की पूरी टीम 17.1 ओवर में 92 रन पर ही ढेर हो गई। इसमें विशु राजपूत ने सबसे अधिक 27 रन बनाए। यूसीसी की तरफ से रितिक सिंह ने चार ओवरों में 33 रन देकर चार विकेट झटके। जबकि, गौरव खजूरिया ने तीन ओवरों में 15 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। शानदार बल्लेबाजी के लिए गौरव खजूरिया को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
-------
एसीसी बी ने आठ विकेट से जीत दर्ज की
दूसरा सेमीफाइनल आरएसीसी और एसीसी बी के बीच खेला गया। आरएसीसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.1 ओवरों में सभी विकेट खोकर सौ रन बनाए। पारी में अनूप सिंह ने सर्वाधिक 27 जड़े। वहीं, एसीसी की तरफ से सुनील कुमार ने चार ओवर में 12 रन, निपुण शर्मा ने तीन ओवर में 19 रन और सचिन शर्मा ने चार ओवर में 26 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए।
एसीसी बी ने 101 रन के लक्ष्य को आसानी से दो विकेट गंवाकर 12.1 ओवर में हासिल कर आठ विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इसमें अनूप सिंह ने 27 रन की पारी खेल कर जीत में अहम भूमिका निभाई। सचिन को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।