उधमपुर। व्यापार मंडल उधमपुर की तरफ से मंगलवार को व्यापारियों, दुकानदारों और इनके कर्मचारियों के लिए ब्वॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल में कोविड टेस्टिंग शिविर लगाया गया। इस दौरान दुकानदारों को हेल्थ कार्ड भी बनाए जा रहे हैं। अभी तक 1500 हेल्थ कार्ड वितरित किए जा चुके हैं।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए पहले ही तैयार कर दी है और इसी को लेकर हेल्थ कार्ड की योजना भी शुरू की है। इसके तहत टेस्ट के बाद दुकानदारों के हेल्थ कार्ड बनाए जा रहे हैं। दुकानदारों के लिए हर माह टेस्ट करवाना अनिवार्य किया गया है। टेस्ट की रिपोर्ट को हेल्थ कार्ड में दर्ज किया जा रहा है। करीब एक माह पहले प्रशासन ने योजना शुरू की थी। मंगलवार को ब्वॉयज हायर सेकेंडरी उधमपुर में शिविर लगा कर सैकड़ों व्यापारियों, दुकानदारों और कर्मचारियों के टेस्ट किए गए। व्यापार मंडल के सदस्यों ने बताया कि कोरोना टेस्ट करवाने के बाद दुकानदारों को हेल्थ कार्ड बनाकर दिए जा रहे हैं। अभी तक 1500 हेल्थ कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। हेल्थ कार्ड बनने के बाद स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीमें दुकानों पर पहुंच कर कार्रवाई को अंजाम देंगी। फिर किसी को शिविर में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।