उधमपुर। शहर के वार्ड 21 के नगरोटा क्षेत्र के निवासियों ने सड़क की हालत सुधारने, प्रतिदिन बढ़ रही पानी की किल्लत, सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने व अन्य समस्याओं को लेकर सोमवार को कैंडल मार्च निकाला, और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
जन संघर्ष संस्था के प्रधान अधिवक्ता संजीत बवोरिया के नेतृत्व में लोगों ने कैंडल मार्च निकाल कर जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि करीब डेढ़ महीने से उनकी तरफ से इन सभी समस्याओं को संबंधित विभागों को पत्र लिखकर, प्रेसवार्ता कर और प्रदर्शन कर रखा जा रहा है। लेकिन, अब तक किसी अधिकारी ने नगरोटा का दौरा कर हालात का जायजा नहीं लिया है।
उन्होंने बताया कि सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के बाद एक किलोमीटर लंबी सड़क पूरी तरह बदहाल है। आए दिन लोग इस पर हादसों का शिकार हो रहे हैं। मोहल्ले में पानी की सप्लाई प्रभावित है। लोगों को पीने के पानी नहीं मिल रहा। इस मामले में जल शक्ति विभाग कुछ नहीं कर रहा। मोहल्ले में सफाई व्यवस्था भी चरमराई हुई है। गंदगी उठाने के लिए सफाई कर्मचारी नहीं पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक परेशानी दूर नहीं होती, लोग इसी तरह रोष प्रकट करते रहेंगे।