रामबन डिग्री कालेज में सुविधाओं की कमी पर गुस्साए विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कक्षाओं का बहिष्कार कर कालेज गेट पर धरना प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कालेज में लेक्चर की कमी तो है ही पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधा भी नहीं है। कालेज प्रशासन इन समस्याओं की अनदेखी कर रहा है।
अभाविप इकाई के प्रधान प्रदीप सिंह की अगुवाई में परिषद के सदस्यों ने कहा कि कालेज में कई महत्वपूर्ण विषय जैसे गणित और पर्यावरण विज्ञान के लेक्चरर या प्रोफेसर नहीं हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि कालेज में पानी की व्यवस्था नहीं होने से विद्यार्थियों को दरबदर होना पड़ता है। बिजली नहीं होने के कारण गर्मी के दिनों में विद्यार्थियों का कक्षा में बुरा हाल हो जाता है।
पहले भी शिक्षा विभाग और कालेज प्रबंधन को इन समस्याओं से अवगत करवाया जा चुका है। फिर भी कोई ध्यान नहीं दिया गया, जिसके चलते प्रदर्शन किया गया। यदि शीघ्र इन मांगों को पूरा नहीं किया गया तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।