एनआईटी श्रीनगर में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर गठित की गई जांच टीम के बाद पैंथर्स पार्टी ने मामले की निष्पक्ष जांच करवाने के लिए एक टीम का गठन किया। यह टीम बुधवार को जम्मू से दोपहर बारह बजे के करीब उधमपुर पहुंची।
वहां पार्टी के राज्य प्रधान बलवंत सिंह मनकोटिया का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। फिर वाहं से पार्टी की टीम श्रीनगर के लिए रवाना हुई। लेकिन पत्नीटाप में पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया।
मनकोटिया ने कहा कि उन्हें पत्नीटाप में रोके जाने से यह साफ हो गया है कि राज्य की गठबंधन सरकार जांच सही तरीके से नहीं करना चाहती है। इसके चलते पुलिस का इस्तेमाल कर उन्हें रास्ते में ही रोक लिया गया। उन्होंने कहा कि भारत माता की जय बालने वाले छात्रों के खिलाफ राजनीति की जा रही हैं।
वह भी छात्रों से बात कर इस बात का पता लगा चाहते थे कि आखिरकार भारत माता की जय बोलने पर उन पर लाठियां क्यों बरसाई गई। उसकेआधार पर वह एक रिर्पोट तैयार करने वाले थे। सरकार की जांच टीम पर भरोसा नहीं है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की।