उधमपुर। देविका तट पर हर वर्ष होने वाले ऐतिहासिक बैसाखी मेले को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। तहसीलदार जय सिंह के अनुसार 14 से 16 अप्रैल तक भव्य मेला होगा। इसके लिए प्रशासन के साथ व्यापार मंडल और विभिन्न सामाजिक संस्थाएं सेवाएं देंगी।
मेले को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए कई व्यवस्थाएं की जा रही हैं। खास तौर पर लोगों के मनोरंजन के लिए झूले, खेल तमाशे और मनोरंजन पार्क स्थापित करने के इच्छुक व्यक्तियों और एजेंसियों से आवेदन मांगे गए हैं। न्यूनतम आरक्षित बोली 2.85 लाख रुपये रखी गई है जबकि धरोहर राशि 2.60 लाख रुपये निर्धारित की गई है। टेंडर सात अप्रैल को दोपहर एक बजे तहसीलदार कार्यालय में खोला जाएगा। मेले में आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही देविका तट पर विशेष रूप से साफ-सफाई पर ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मेले के दौरान स्वच्छता बनाए रखें।