किश्तवाड़। जिले के द्राबशाला जोन के कुंतवाड़ा में मिडिल स्कूल प्रिशमुल्ला में 70 बच्चों को पढ़ाने के लिए तीन शिक्षक तैनात हैं। लेकिन, स्कूल में सिर्फ एक ही शिक्षक पढ़ाने आता है। दो शिक्षक स्कूल से गायब रहते हैं। इससे बच्चों के अभिभावक परेशान हैं।
स्थानीय साधू राम ने कहा कि इस स्कूल में पढ़ रहे बच्चों का भविष्य अंधकार में है। एक तो दो वर्ष बाद स्कूल खुला, ऊपर से बच्चों तो पढ़ाने के लिए शिक्षक नहीं पहुंच रहे। उन्होंने बताया कि इस स्कूल में शिक्षकों के पांच पद हैं। इनमें से दो की तैनाती कभी हुई ही नहीं, और तीन में से एकमात्र शिक्षक बोध राज ही स्कूल चलाते हैं। अन्य दो शिक्षक कभी द्राबशाला में तो कभी किश्तवाड़ में प्रशिक्षण देते हैं।
उन्होंने कहा कि 25 अप्रैल को उन्होंने स्कूल का निरीक्षण किया तो पाया कि स्कूल में एक ही शिक्षक मौजूद है। इसके बाद इलाके के नंबरदार कृष्ण लाल सहित जोनल शिक्षा अधिकारी द्राबशाला सुरेश कुमार को ज्ञापन सौंपा है। इस बारे में मुख्य शिक्षा अधिकारी सुदर्शन कुमार शर्मा का कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी मिल चुकी है, और काम भी शुरू हो गया है। एक सप्ताह के भीतर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी