उधमपुर में दूसरे दिन अल्ट्रासाउंड सेंटर की जांच करती स्वास्थ्य विभाग की टीम
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। पीसीपीएनडी एक्ट के तहत बनाए गए नियमों का पालन कराने को लेकर बुधवार को भी स्वास्थ्य विभाग ने शहर के अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच की। सभी केंद्रों के सारे दस्तावेज खंगाले गए। हालांकि, अब तक किसी केंद्र में कमियां नहीं पाई गई हैं।
विभाग ने मंगलवार को शहर के अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच शुरू की गई थी। इस दौरान केंद्रों के दस्तावेजों को अच्छी तरह खंगाला गया, और केंद्र में चल रही कार्यप्रणाली को जाना। पहले दिन कुल चार केंद्रों की जांच की गई। बुधवार को भी जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मोहम्मद यासीन और जिला अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. विजय रैना के नेतृत्व में टीम ने तीन केंद्रों का निरीक्षण किया।
इनके चल रहे कार्य की जानकारी हासिल की। रिकार्ड की जांच हुई। डॉ. विजय रैना ने बताया कि शहर में आठ केंद्र हैं। सबकी जांच की गई है। अब तक किसी केंद्र में कोई बड़ी कमी नहीं पाई गई, जिसको लेकर कार्रवाई की जरूरत पड़े। जांच के दौरान विशेष तौर पर देखा जा रहा है कि कहीं इन केंद्रों में जन्म से पूर्व शिशु के लिंग की जांच तो नहीं की जा रही है।