उधमपुर। नगर परिषद की तरफ से सख्त कार्रवाई करने के बाद भी देविकानगरी अतिक्रमण मुक्त नहीं हो पा रही है। नगर परिषद की कार्रवाई के दौरान नो रेहड़ी जोन खाली हो जाते हैं। लेकिन, कार्रवाई के खत्म होते ही पूरा इलाका रेहड़ियों से भर जाता है।
देविकानगरी कई वर्षों से अतिक्रमण की चपेट में है। शहर के ज्यादातर हिस्सों में बिना लाइसेंस के चल रही रेहड़ियों और फड़ियों ने अतिक्रमण कर रखा है। बिना लाइसेंस की सैकड़ों रेहड़ियां चल रही हैं। इन रेहड़ियों ने सलाथिया चौक, मुखर्जी बाजार, कोर्ट रोड, रामनगर चौक, गोल मार्केट, सिटी लाइट व अन्य कई स्थानों पर कब्जा कर रखा है। इन स्थानों को नो रेहड़ी जोन भी घोषित कर बोर्ड भी लगाए हैं।
इनके कारण पूरे शहर में यातायात प्रभावित हो रहा है। कई बार तो हालात ऐसे बन जाते हैं कि लोगों को पैदल चलने के लिए भी स्थान नहीं मिलता। अतिक्रमण खत्म करने के लिए नगर परिषद के पास कई बार शिकायतें भी पहुंचीं, लेकिन इसमें आज तक कामयाबी नहीं मिली है। तीन दिन से नगर परिषद की टीम बाजार में कार्रवाई कर रही है। शहर के विभिन्न हिस्सों में रेहड़ियों व फड़ियों का सामान जब्त किया जा रहा है।
कुछ दुकानदारों पर कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद अतिक्रमण पर अंकुश नहीं लग पा रहा। जब तक नगर परिषद की टीम सड़कों पर उतर कर कार्रवाई करती है तो नो रेहड़ी जोन से रेहड़ियां गायब हो जाती हैं। लेकिन, जैसे ही टीम कार्रवाई कर वापस लौटती हैं तो एक घंटे के अंदर सभी स्थान रेहड़ियों से भर जाते हैं। शनिवार को भी नो रेहड़ी जोन रेहड़ियों से भरे नजर आए।
-----
नगर परिषद की तरफ से अतिक्रमण को लेकर सख्ती के साथ काम किया जा रहा है। शनिवार को भी सीईओ ने टीम के साथ कुछ स्थानों पर पहुंच कार्रवाई की है। पुराने टैक्सी स्टैंड से फड़ियों को हटाया गया है। इस पर अंकुश लगाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
- डा. जोगेश्वर गुप्ता, नगर परिषद अध्यक्ष