उधमपुर। जिला मुख्यालय से करीब दस किलोमीटर दूर मलाड़ इलाके में बुधवार को दो वाहनों में टक्कर हो गई। हादसे में विंगर वाहन में सवार 12 यात्री गंभीर घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब दस बजे जम्मू से डोडा की तरफ जा रहा विंगर (जेके06-6137) जब मलाड़ इलाके में पहुंचा तो तेज रफ्तार डंपर (जेके02सीएस-1872) के साथ टकरा गया। हादसे का पता चलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
राजमार्ग पर चल रहे वाहन भी रुक गए। कुछ समय के बाद पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान पुलिस व लोगों ने घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकल कर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घायलों की पहचान माफूज पुत्र दीन मोहम्मद निवासी मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश, नाजिरा बेगम पत्नी अब्दुल लतीफ, अब्दुल लतीफ पुत्र अब्दुल अलतारा, अब्दुल रहमान तांत्रे पुत्र अब्दुल लतीफ, रियाज तांत्रे पुत्र अब्दुल लतीफ, मुद्दसर हुसैन पुत्र सदल्लाह, अशोक कुमार पुत्र राम लाल, राज देवी पत्नी कृष्ण लाल, सईद अख्तर हुसैन पुत्र नजामुदीन, गुलफाम अख्तर पत्नी सईद अख्तर, रोहित रकवाल पुत्र नरेंद्र सिंह सभी निवासी डोडा और मोहम्म्द अशरद पुत्र शौकत अली निवासी मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।