जिला अस्पताल में उपचाराधीन चिनैनी में वाहन दुर्घटना में घायल हुआ व्यक्ति
- फोटो : UDHAMPUR
चिनैनी। धर्मथल के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई है। जबकि, एक घायल हो गया। मृतक की पहचान अजय कुमार (25) निवासी तोल्डी नाला उधमपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक वीरवार दोपहर हाईवे पर बाइक पर सवार दो लोग कहीं जा रहे थे। अचानक सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार अजय कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घायल को चिनैनी सीएचसी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसको प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घायल की पहचान सुदेश भारती (44) निवासी डोगरा के रूप में हुई है। टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन मौके से फौरन फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।