बस खराब होने से दो घंटे बंद रहा उधमपुर-पंचैरी मार्ग
उधमपुर। उधमपुर-पंचैरी मार्ग पर पंगारा इलाके मंगलवार सुबह बस के खराब होने से दो घंटे तक वाहनों की आवाजाही बंद रही। कड़ी मशक्कत के बाद चालकों को बस की मरम्मत करने में कामयाबी मिली। इसके बाद यातायात बहाल हो सका।
जानकारी अनुसार सुबह करीब दस बजे खोलगली से उधमपुर की तरफ जा रही बस जैसे ही पंगारा इलाके में पहुंची तो अचानक खराब हो गई। बस जब खराब हुई तो बीच उस समय बीच मार्ग पर थी। इसके बाद दूसरे वाहनों को निकलने के लिए स्थान नहीं मिला और दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। उधमपुर से पंचैरी, पंगारा और पंचैरी व मोंगरी से उधमपुर की तरफ जाने वाले ज्यादातर वाहन फंस गए। फंसी हुई बसों के चालकों ने स्वयं ही मार्ग को खोलने के प्रयास शुरू कर दिए। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बस की मरम्मत करने में कामयाबी मिली और फिर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। जब तक मार्ग बंद रहा, तब तक यात्री वाहनों से बाहर निकल परेशानियों से जूझने को मजबूर रहे। ब्यूरो