घाटी जाने वाले वाहन उधमपुर में रोके
जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर यातायात एकतरफा, वाहन चालक हो रहे परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
उधमपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु करने में पुलिस को अभी तक कामयाबी नहीं मिल सकी है। घाटी व जम्मू के लिए अभी भी वाहनों को बारी-बारी से छोड़ा जा रहा है। मंगलवार को वाहनों की आवाजाही श्रीनगर से जम्मू की तरफ थी। इस कारण घाटी जाने वाले वाहनों को उधमपुर के विभिन्न हिस्सों में रोक कर रखा गया। इस दौरान चालकों और यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब डेढ़ महीने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित है। पुलिस की तरफ से यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए एकतरफा यातायात की व्यवस्था की गई है। इसके तहत एक दिन घाटी के लिए वाहनों को छोड़ा जाता है, तो एक दिन घाटी से जम्मू के लिए वाहन छोड़े जाते हैं। मंगलवार को वाहनों की आवाजाही श्रीनगर से जम्मू की तरफ रखी गई थी। इसलिए सुबह से ही घाटी जाने वाले वाहनों के उधमपुर से आगे बढ़ने पर रोक लगा दी गई थी। शहर के जखैनी, संगूर, रठियान, बट्टलबालियां, गरनई व कई अन्य इलाकों में शाम तक ट्रकों व यात्री वाहनों की कतार लग गई थी। वहीं, पानी व शौचालय की सुविधा न मिलने के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यात्री वाहनों में बड़ी संख्या में बाहरी राज्य के पर्यटक भी थे, जो कश्मीर की तरफ जा रहे थे। इनको भी दिन भर परेशानियों का सामना करना पड़ा।