इसी साल फरवरी महीने में हुए सीजफायर समझौते के बाद सीमा पार से गोलाबारी तो बंद हुई है, लेकिन पाकिस्तानी सेना आतंकियों को भारतीय सीमा में घुसपैठ कराने से बाज नहीं आ रही है। इतना ही नहीं पाकिस्तान की जमीन पर आतंकियों को प्रशिक्षण देना का सिलसिला भी जारी है।
जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में एलओसी पर संदिग्ध गतिविधि का पता चला है। सुरक्षा बलों ने सूचना मिलने पर इलाके में तलाशी अभियान चलाया। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 18-19 सितंबर की रात को ये गतिविधि दिखाई दी थी। इसके बाद से सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया गया है।
विज्ञापन
वहीं बारामुला में एलओसी (नियंत्रण रेखा) से आतंकियों ने कश्मीर में घुसपैठ करने की नापाक कोशिश हुई। सीमा पार आतंकी गतिविधि देखते ही जवानों ने मोर्चा संभाला। सूत्रों का कहना है कि इस दौरान आतंकियों और सेना के बीच भारी गोलाबारी हुई।
सतर्क जवानों ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद की साजिश को नाकाम कर दिया। हालांकि इस गोलाबारी में अंगूर पोस्ट पर एक जवान घायल हो गया है। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि जवान के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इलाके में अभी तलाशी अभियान जारी है।
विज्ञापन
आतंकियों को घुसपैठ कराने में पाकिस्तानी सेना करती है मदद
इसी साल फरवरी महीने में हुए सीजफायर समझौते के बाद सीमा पार से गोलाबारी तो बंद हुई है, लेकिन पाकिस्तानी सेना आतंकियों को भारतीय सीमा में घुसपैठ कराने से बाज नहीं आ रही है। इतना ही नहीं पाकिस्तान की जमीन पर आतंकियों को प्रशिक्षण देना का सिलसिला भी जारी है।
इसी महीने आतंकियों ने कृष्णा घाटी सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश की थी
इससे पहले आतंकियों ने इसी महीने के पहले सप्ताह कृष्णा घाटी सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश की थी। जिसे सेना के सतर्क जवानों ने नाकाम कर दिया था। सेना की जवाबी कार्रवाई से दहशतगर्द पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में भाग गए थे। भागते समय आतंकियों के छूटे कपड़े, खाद्य सामग्री व दवाइयां बरामद की गईं थीं। इन पर पाकिस्तान निर्मित होने की पहचान दर्ज थी।
कृष्णा घाटी सेक्टर के सलोत्री इलाके में आधी रात बाद लगभग पौने एक बजे जवानों ने संदिग्ध हलचल देखी थी। चार-पांच आतंकियों के एक समूह ने घुसपैठ करने की कोशिश की थी। जवानों ने ललकारा तो आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। सेना ने आतंकियों को निशाना बनाकर भारी गोलीबारी की। मोर्टार भी दागे गए। पूरी रात रुक-रुक कर फायरिंग होती रही।