श्रीनगर। श्रीनगर के नटिपोरा इलाके में शुक्रवार देर शाम मुठभेड़ के दौरान स्ट्रे बुलेट्स तुलसी बाग स्थित सामान्य प्रशासनिक विभाग (जीएडी) के आयुक्त सचिव एमके द्विवेदी की सरकारी गाड़ी और ईएनटी डॉक्टर कुलविंदर के आवास पर लगीं। इसमें गाड़ी को क्षति पहुंची है और खिड़कियों के शीशे टूट गए।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक घटना में किसी तरह के जानी नुकसान की कोई खबर नहीं है और न ही कोई घायल हुआ है। मुठभेड़ में लश्कर आतंकी दक्षिणी कश्मीर के शोपियां के त्रेंज निवासी आकिब बशीर मारा गया था, जबकि दूसरा फरार हो गया था। शनिवार को यह अफवाह फैली कि डा. कुलविंदर के आवास पर हमला हुआ है। इस बीच कश्मीर जोन पुलिस ने ट्वीट में लिखा, श्रीनगर में एक डॉक्टर के घर पर हमले के बारे में फैलाई खबर फर्जी है। नटिपोरा मुठभेड़ से कुछ स्ट्रे बुलेट्स इलाके में खड़े दो वाहनों और दो घरों की खिड़कियों पर लगी थीं।