श्रीनगर। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शुक्रवार को आतंकियों ने सुरक्षा बलों की नाका पार्टी को निशाना बनाकर ग्रेनेड हमला किया। इसमें सीआरपीएफ का एक जवान और एक महिला घायल हो गए। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बाइक सवार दो आतंकी हमले कर मौके से भाग निकले। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे कई सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली हैं जिसके आधार पर हमलावरों को पहचानने की कोशिश की जा रही है।
श्रीनगर के छानपोरा इलाके में स्थित पुलिस पोस्ट के बाहर तैनात सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त नाका पार्टी पर आतंकियों ने शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे ग्रेनेड हमला किया। इसमें सीआरपीएफ 29वीं बटालियन की जी-कंपनी का जवान जितेंद्र कुमार यादव घायल हो गया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हमले के तुरंत बाद पुलिस और सीआरपीएफ के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। इस बीच आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन आतंकियों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा।