उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-ताइबा के एक हाइब्रिड आतंकी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक चीन निर्मित हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया। उसकी निशानदेही पर बाजार में बनाए गए एक आतंकी ठिकाने से तीन एके राइफल, आईईडी, कारतूस व अन्य सामान बरामद किया गया है।
आतंकी की शिनाख्त नदिहाल निवासी महबूब उल इनाम के रूप में की गई है। बताया जाता है कि सुरक्षाबलों ने एक सूचना के आधार पर पापचन इलाके में नाका लगाया था। दोपहर को पुलिस ने एक स्कूटी सवार को रुकने का इशारा किया, उसने भागने की कोशिश की लेकिन पकड़ लिया गया।
तलाशी लेने पर उसकी स्कूटी (जेके15ए 0839) से चीन निर्मित एक ग्रेनेड बरामद किया गया। महबूब ने पूछताछ में बताया कि वह लश्कर के लिए काम करता है और उसके इशारे पर नदिहाल मार्केट में अपनी दुकान के अंदर उसने एक ठिकाना बनाया है।
जहां विभिन्न मुठभेड़ों में मारे गए लश्कर आतंकी हैदर उर्फ अबू मुस्लिम, अबू इस्माइल उर्फ फैसल, अबू हमजा उर्फ ओकाशा व गुलजार उर्फ फैजान आश्रय लेते थे। ठिकाने के अंदर हथियार, गोला-बारूद और आईईडी सामग्री भी मिली है।
लश्कर के कैडर को मजबूत करने के लिए वह उत्तरी कश्मीर के युवाओं को बरगलाने का भी काम करते थे। विशेष रूप से बांदीपोरा के कुछ स्थानीय युवाओं को आतंकी संगठन में भर्ती करने की योजना बना रहे थे। लश्कर ने उसे सुरक्षाबलों पर हमले का काम सौंपा था
- हुआ बरामद: तीन एके 47 राइफल्स, 10 मैगजीन, 380 कारतूस, तीन पाउच, दो डिब्बे डेटोनेटर, आईईडी, एडॉप्टर, चार्जर, मैट्रिक शीट व दैनिक उपयोग की अन्य वस्तुएं।