श्रीनगर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने एक बार फिर से भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारे इस मुल्क में सच बोलने की सजा दी जाती है। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि हमारी हालत दिन ब दिन चीन से बदतर होती जा रही है। श्रीनगर में मंगलवार को महबूबा मुफ्ती ने कहा कि इस देश की बुनियाद जम्हूरियत और धर्मनिरपेक्षता जैसी चीजों पर है लेकिन जिस तरह से भाजपा राज कर रही है उससे तो यहां बात करने से भी दम घुटता है।
पीडीपी अध्यक्ष ने कहा, देश की हालत चीन से भी बदतर होती जा रही है, जहां सच बोलना अब जुर्म बन गया है। उन्होंने कहा कि यह तो बड़ी अजीब बात है कि एक तरफ प्रधानमंत्री ने जी-7 में बोलने की आजादी वाले समझौते पर हस्ताक्षर किए। उसी दिन जुबैर को सच बोलने पर गिरफ्तार किया गया। उस लड़के को गिरफ्तार किया गया जो सच्ची खबर लोगों तक पहुंचाता था। जाकिया जाफरी की सच्चाई की लड़ाई को देश के खिलाफ साजिश बोला जा रहा है। उन्होंने कहा, जुबान बंद करने का जो सिलसिला कश्मीर से शुरू हुआ था अब पूरे देश में फैल गया है। यह देश और लोकतंत्र के लिए बदतर दिन चल रहे हैं।