राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सोमवार को दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में सात जगहों पर छापा मारा। इस दौरान चेवाकलां में आतंकियों द्वारा सुरक्षा बलों पर गोलीबारी के मामले में चार ओवर ग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) गिरफ्तार किए गए। इस दौरान भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।
एनआईए प्रवक्ता ने बताया कि मामला दक्षिण कश्मीर में जैश-ए-मोहम्मद की आतंकी गतिविधियों से संबंधित है। चेवाकलां में 11 मार्च को हुई मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए थे। इनकी पहचान पुलवामा के आकिब मुश्ताक भट और पाकिस्तान के कमाल भाई के रूप में हुई थी।
बाद में आठ अप्रैल को एनआईए ने इस मामले की जांच की जिम्मेदारी अपने हाथों में ले ली। बताया कि पकड़े गए मददगारों की शिनाख्त साहिल अहमद खान उर्फ सोहेल व जहांगीर अहमद डार निवासी गुडूरा पुलवामा, शाहिद अहमद शेरगोजरी निवासी उग्रगुंड पुलवामा और इनायत गुलजार भट निवासी पिंगलेना पुलवामा के रूप में हुई है।
इन चारों आरोपियों ने दक्षिण कश्मीर में सक्रिय जैश-ए-मोहम्मद आतंकियों को पनाह दी थी और उनके लिए परिवहन और रसद की व्यवस्था की थी। वे स्थानीय युवाओं को कट्टरपंथी बनाने और उन्हें आतंकी समूहों में शामिल होने के लिए बरगलाने में भी शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।