श्रीनगर। इस साल अमरनाथ यात्रा के लिए 70 स्वास्थ्य सुविधाएं और 100 एम्बुलेंस उपलब्ध हैं। स्वास्थ्य विभाग कश्मीर के निदेशक डॉ. मुश्ताक अहमद राथर ने बताया कि उन्होंने जवाहर टनल से पवित्र गुफा तक चंदनवाड़ी और बालटाल सहित दोनों मार्गों पर 70 स्वास्थ्य सुविधाएं रखी हैं। इसमें छह बेस अस्पताल, चिकित्सा सहायता केंद्र, आपातकालीन सहायता केंद्र और 26 ऑक्सीजन बूथ शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा उनके पास 11 ऑन रूट सुविधाएं, 17 अन्य सुविधाएं हैं, जिन्हें अलर्ट पर रखा गया है और 100 से अधिक क्रिटिकल और बेसिक केयर एम्बुलेंस हैं। डॉ. मुश्ताक ने कहा कि आसपास के सभी अस्पतालों में चौबीस घंटे काम करने वाली और सभी सुविधाओं से लैस आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली होगी और वहां पर्याप्त कर्मचारी होंगे। उन्होंने कहा कि बालटाल और चंदनवाड़ी में दो समर्पित 70 बेड के अस्पताल बनाए गए हैं। यात्रा के दोनों मार्गों पर हर दो किलोमीटर से भी कम दूरी पर ऑक्सीजन बूथ के साथ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मोबाइल ऑक्सीजन बूथ के अलावा मोबाइल आपातकालीन प्रणाली भी उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि दोनों तरफ आईसीयू बेड और ऑक्सीजन उपलब्ध कराया है और तीन शिफ्टों में काम करने के लिए कम से कम 1500 स्टाफ सदस्यों को वहां तैनात किया जा रहा है, जिनके लिए सभी स्तरों पर अतिरिक्त आवासीय सुविधा रखी गई है। उन्होंने यात्रियों से अपने साथ गर्म कपड़े रखने का अनुरोध करते हुए कहा, हर जगह आइसोलेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। डॉ. मुश्ताक ने कहा कि वे कोविड से संबंधित मुद्दों के बारे में बहुत विशेष हैं और इस संबंध में निर्णय उच्च अधिकारियों के परामर्श से लिया जाएगा।