बारामुला। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने कहा है कि जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिक प्रभावी तंत्र विकसित करने के साथ ही आंतरिक सुरक्षा ग्रिड को और मजबूत किया जाए। वह शुक्रवार को यहां अन्य अधिकारियों के साथ सुरक्षा की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बारामुला शराब दुकान मामले को तत्परता से सुलझाने के लिए पुलिस टीम की प्रशंसा भी की।
डीजीपी ने बैठक में कहा कि निर्दोष नागरिकों पर कायरतापूर्ण हमले आतंकी आकाओं की हताशा को दर्शाते हैं। उन्होंने शांति विरोधी तत्वों और आतंकी हिंसा को अंजाम देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शांति के दुश्मनों को पराजित करने के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत है। साथ ही उन्होंने सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने के लिए बलों के बीच घनिष्ठ तालमेल बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। कहा, आतंकी संगठन आम जनता में भय और आतंक की भावना पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं और अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए इस साजिश को विफल करना है। सिंह ने अफसरों से नाके बढ़ाने और रात्रि गश्त पर जोर देने को कहा। बैठक में डीआईजी उत्तरी कश्मीर उदय भास्कर बिल्ला, एसएसपी बारामुला, रईस मोहम्मद भट व अन्य अफसर मौजूद थे।
-------------------
गहन और तार्किक जांच के निर्देश
डीजीपी को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद उन्होंने उन पुलिस अधिकारियों व कर्मियों के साथ बातचीत की जो बारामुला शराब दुकान पर हुए ग्रेनेड हमले में शामिल पांच आतंकवादियों को गिरफ्तार करने के ऑपरेशन में शामिल थे। उन्होंने मामले को तेजी से पूरा करने और आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का निर्देश देते हुए मामले के तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने के लिए गहन और वैज्ञानिक उपकरणों की सहायता से जांच के निर्देश दिए।