श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के राफियाबाद के लाडूरा इलाके से सोमवार को सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-ताइबा के एक आतंकी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि नाके पर संदिग्ध हलचल देख एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई तो उसके पास से चीनी पिस्तौल, मैगजीन व पांच गोलियां बरामद की गईं। उसने अपना नाम बडगाम के बीरवाह के मोहम्मद इकबाल खान बताया।
पूछताछ में पता चला कि उत्तरी कश्मीर के वह सीमा पार के हैंडलर के संपर्क में था। उसे सुरक्षा बलों तथा राजनीतिक व्यक्तियों पर हमले की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वह पहले भी पत्थरबाजी तथा आतंकवाद से जुड़ी अन्य घटनाओं में पकड़ा जा चुका है। सुरक्षा बलों ने युवाओं से अपील की है कि वह इस प्रकार की हरकतों तथा बहकावे की गतिविधियों से दूर रहें। सीमापार के हैंडलर आतंकवाद को बढ़ावा देने में जुटे हुए हैं।