श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस की कश्मीर अपराध शाखा ने फर्जी शैक्षिक प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी हासिल करने के आरोपी बशीर अहमद वानी के खिलाफ स्थानीय अदालत में सोमवार को आरोप पत्र दाखिल किया है।
बता दें कि क्राइम ब्रांच को शिकायत मिली थी कि बांदीपोरा निवासी बशीर अहमद वानी ने वर्ष 2016 में स्वास्थ्य विभाग में जूनियर एक्सरे सहायक की नौकरी हासिल की थी। नौकरी के लिए जमा किया गया उनका 12वीं कक्षा का प्रमाणपत्र फर्जी है। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। जिसमें पाया गया कि बशीर ने स्वास्थ्य विभाग में जूनियर एक्सरे सहायक पद पर नियुक्ति के बाद 12वीं के अंक प्रमाणपत्र जमा किए थे। ये प्रमाणपत्र कथित तौर पर इलाहाबाद बोर्ड (यूपी) के क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ से जारी किया गया था। संबंधित बोर्ड से उक्त अंक पत्र का सत्यापन कराने पर पता चला कि प्रमाणपत्र व सत्यापन रिपोर्ट फर्जी है।