श्रीनगर। सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने घाटी के तीन दिवसीय दौरे पर बुधवार को कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। उत्तरी कमान की बागडोर संभालने के बाद कश्मीर के पहले दौरे पर सोमवार को यहां पहुंचे थे।
रक्षा प्रवक्ता के अनुसार, चिनार कॉर्प के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल डीपी पांडे ने सेना के कमांडर को मौजूदा सुरक्षा स्थिति और प्रतिकूल स्थितियों से निपटने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि सेना के कमांडर उत्तरी कमान की बागडोर संभालने के बाद कश्मीर के पहले दौरे पर सोमवार को यहां पहुंचे थे। लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी ने चिनार कॉर्प के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत की और नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ को रोकने के प्रयासों की प्रशंसा की। सैन्य कमांडर ने भीतरी इलाकों के लिए बिना किसी क्षति के सटीकता से अभियान चलाने के लिए चिनार कॉर्प की तारीफ की। नियंत्रण रेखा पर मजबूत घुसपैठ रोधी ग्रिड की सराहना के साथ कमांडर ने भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ के बीच संघर्ष विराम समझौते का पालन करने के लिए सख्त नियंत्रण की भी प्रशंसा की। दोनों देशों के बीच 25 फरवरी 2022 को संघर्ष विराम का एक वर्ष पूरा होगा।
-----------------------------------
पुलवामा के शहीदों को दी श्रद्धांजलि
लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी ने सीआरपीएफ के उन 40 जवानों को भी श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने 14 फरवरी 2019 को पुलवामा को लेथपोरा में हुए आत्मघाती आतंकी हमले में जान गंवाई थी। उन्होंने नागरिक समाज के कई सदस्यों से भी मुलाकात की। उन्होंने सुरक्षा बलों की सभी एजेंसियों और नागरिक प्रशासन के बीच तालमेल की सराहना की।