लोलाब (कुपवाड़ा)। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले की लोलाब घाटी के छात्रों ने क्रुसान और धेरियान में सोमवार को पुलवामा में शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए तिरंगा रैली निकाली। पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद के खिलाफ निकाली गई रैली में शामिल छात्र व युवा हाथों में तिरंगा और हाथों में देशभक्ति के जज्बात दर्शाने वाली तख्तियां लिए हुए थे। इन तख्तियों पर कश्मीर को आतंकवाद से बचाओ, मेरा भारत-मेरा गर्व जैसे नारे लिखे हुए थे।
इस कार्यक्रम का आयोजन लोलाब स्टूडेंट्स एंड यूथ फोरम द्वारा किया गया था। पुलवामा के लेथपोरा में 14 फरवरी 2019 को पाकिस्तान स्थित आतंकी समूह जैश-ए-मोहम्मद के एक आत्मघाती हमलावर ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक काफिले पर हमला कर दिया था। हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे। सोमवार को हमले की तीसरी बरसी पर पूरा देश जवानों के सर्वोच्च बलिदान को याद कर रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों की याद में दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ हुई। इसके बाद दो मिनट का मौन रखने के बाद पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हो गया।