फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कश्मीर में पर्यटन लौट रहा पटरी पर, पर्यटक आने शुरू

विज्ञापन
विज्ञापन
श्रीनगर। कश्मीर घाटी में कोविड की दूसरी लहर में गिरावट दर्ज होने के बाद से अब कश्मीर के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों की आस एक बार फिर से जाग गई है। पर्यटकों ने एक बार फिर से कश्मीर का रुख करना शुरू कर दिया है। होटल वाले भी 30 से 50 प्रतिशत डिस्काउंट दे रहे हैं। प्रशासन ने गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग जैसे सभी पर्यटन स्थलों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए खोलने की अनुमति दी है। डल झील के आसपास के होटल और हाउसबोट भी खुल रहे हैं। पर्यटकों को झील के चारों ओर शिकारा की सवारी करते और सुहावने मौसम का आनंद लेते देखा जा सकता है। इससे पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि गर्मियों का सीजन अच्छा होने वाला है। इस बीच पर्यटन को वापस पटरी पर लाने के लिए पर्यटन विभाग और उद्योग से जुड़े लोग भरसक प्रयास भी कर रहे हैं।
विज्ञापन

कश्मीर घाटी में अगस्त 2019 से पर्यटन क्षेत्र को काफी उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ा है। करीब दो वर्ष बाद इस वर्ष विंटर टूरिज्म में अच्छा कारोबार करने के बाद एक बार फिर से लॉकडाउन के चलते कश्मीर के पर्यटन को भारी मार झेलनी पड़ी थी। सभी एडवांस बुकिंग्स कैंसिल हो गई थीं और इस क्षेत्र से जुड़े लोगों को काफी निराशा का सामना करना पड़ा था। लेकिन अब हालात पहले से बेहतर हो चले हैं। इस मामले में प्रदेश के टूरिज्म विभाग के सचिव सरमद हफीज ने पूरी उम्मीद जताई कि जैसे ही हालात और ठीक होते हैं तो पर्यटन दोबारा पटरी पर लौटेगा। उन्होंने कहा कि उससे पहले प्राथमिकता यहां के ट्रेवल और ट्रेड से जुड़े लोगों को पूरी तरह से वैक्सीनेट करना है, जिसके लिए मुहिम तेज कर दी गई है। सरमद के अनुसार अभी पर्यटन क्षेत्र से जुडे़ लोगों को कोरोना नियमों के तहत काम करने की ट्रेनिंग दी जा रही है।
इस बीच ट्रेवल एजेंट्स सोसाइटी ऑफ कश्मीर के जनरल सेक्रेटरी अथर यामीन ने बताया कि कोविड में थोड़े सुधार के बाद पर्यटक कश्मीर आना शुरू हुए हैं। उन्होंने बताया कि पर्यटन में 20 प्रतिशत वृद्धि हुई है और जून और जुलाई के महीनों के लिए बुकिंग भी हो चुकी है। अगर श्रीनगर एयरपोर्ट की बात करें तो करीब चार सौ पर्यटक रोजाना यहां आ रहे हैं और उम्मीद है कि यह संख्या बढ़ेगी।
विज्ञापन

श्रीनगर के एक स्थानीय होटल रॉयल बट्टू के मैनेजर मुजफ्फर अहमद ने बताया कि पर्यटकों का आना शुरू हुआ है। पर्यटकों के न आने से इस क्षेत्र से जुड़े हजारों लोगों का रोजगार का प्रभावित होता है। अब जब पर्यटकों की आमद शुरू हुई है तो आगे के लिए उम्मीद जागी है। घाटी में जितने भी बजट होटल्स हैं, वे इस समय 30 से 40 प्रतिशत डिस्काउंट दे रहे हैं। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए कुछ तो 50 प्रतिशत भी दे रहे हैं। घाटी आने वाले पर्यटकों के लिए अच्छी खबर यह भी है कि गुलमर्ग गोंडोला का भी फेज-1 कुछ दिन पहले शुरू किया गया है।
श्रीनगर की डल झील के किनारे घूमने वाले पर्यटक काफी खुश दिख रहे हैं। उनका कहना है कि यहां के नजारे और सुहावना मौसम काफी खुश करने वाला है। मुंबई से आए रौनक का कहना है कि पर्यटकों को अब कश्मीर घूमने के लिए आना चाहिए। यहाँ मौसम बहुत सुहाना है और धीरे धीरे पर्यटन स्थलों पर बाजार भी खुलने लगे हैं। स्थानीय बाजार बंद जरूर हैं, लेकिन अब तक कोई दिक्कत नहीं आई। एक अन्य पर्यटक मनोज ने कहा कि यह सही वक्त है। लेकिन, एक बात महत्वपूर्ण है कि कोविड प्रोटोकॉल का पालन जरूर करें। यहां पर भी प्रोटोकॉल का पालन हो रहा है। उनका यहां पहुंचने पर टेस्ट भी हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें