कश्मीर घाटी के कुपवाड़ा के अग्रिम इलाके में सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की कोशिश को विफल किया है। पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने यहां एक आतंकी को मार गिराया है। सुरक्षाबलों के उसके पास से हथियार और अन्य सामग्री भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, कुपवाड़ा पुलिस को बुधवार की रात घुसपैठ से जुड़ा एक विशेष इनपुट मिला था। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और सेना की संयुक्त टीम ने मोर्चा संभाला। जिले के अग्रिम क्षेत्र सैदपोरा में टीम ने संदिग्ध गतिविधि देखी। इस दौरान गोलीबारी में सुरक्षाबलों ने एक घुसपैठिए को ढेर कर दिया है, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। जो कि पाकिस्तानी अधिकृत कश्मीर की तरफ भाग गए हैं। टीम ने मृत आतंकी के पास से एक एके राइफल, एक स्वचालित हथियार, छह मैगजीन, दो ग्रेनेड व अन्य सामग्री बरामद की है।
श्रीनगर के कमरवारी इलाके में गोली चलने जैसी आई आवाज
वहीं, गुरुवार को मध्य कश्मीर के श्रीनगर के कमरवारी इलाके में गोली चलने जैसी आवाज सुनाई देने के बाद सुरक्षाबल की टीम मौके पर पहुंची। श्रीनगर पुलिस ने बताया कि गोली जैसी आवाज आने पर पुलिस और सुरक्षाबलों की टीम मौके पर पहुंची है। यह आवाज कैसे और कहां से आई, इसका पता लगाया जा रहा है। फिलहाल किसी भी तरह के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है। इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।