पुंछ के जंगलों में आतंकियों को तलाश रही सेना को अब तक एक भी आतंकी नहीं मिला है। आतंकियों के साथ आमने सामने गोली तो चलती है, लेकिन यह लोग सामने नहीं आ रहे। सेना को आतंकी 9 दिन से चकमा दे रहे हैं। सेना को आतंकियों के साथ एक से दो स्थानीय गाइड होने का शक है, जिन्हें पूरे इलाके के जंगलों की जानकारी है और आतंकियों की मदद कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार इन गाइड को बफलियाज से लेकर बिंबर गली तक के 10 से 20 किलोमीटर के जंगल की पूरी जानकारी है। जंगल में कहां-कहां छुपने के ठिकाने हैं। कहां से कहां निकला जा सकता है और कहां से निकल कर इन तक खाने-पीने का सामान पहुंचाया जा सकता है। यह तमाम जानकारियां हैं। यही गाइड हैं, जिनकी मदद से आतंकी एक जगह से दूसरी जगह घात लगाकर सेना के जवानों पर हमला कर रहे हैं। साथ ही सुरक्षित ठिकानों में बैठ कर हमले कर रहे हैं। इन गाइड का पता लगाने के लिए सेना कई लोगों से पूछताछ कर रही है।
महीनों से महफूज ठिकाना तैयार कर रहे थे
माना जा रहा है कि इन लोगों के साथ ऐसे गाइड हैं, जो पिछले कई महीनों से उक्त जंगलों की रेकी कर आतंकियों के लिए महफूज ठिकाना बना रहे थे। इनकी तलाश के लिए कई जगहों पर सेना की ओर से पूछताछ की गई है।