पर्यटन विकास योजना के तहत गढ़वाल के 52 गढ़ों को विकसित किए जाने के लिए पर्यटन मंत्रालय ने इनका निरीक्षण किए जाने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने गढ़वाल के चार जिलों के डीएम को निर्देशित किया है।
देवलगढ़ क्षेत्र विकास संघर्ष समिति ने भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय को ज्ञापन भेज गढ़वाल क्षेत्र में स्थित 52 गढ़ों को विकसित किए जाने की मांग की थी। समिति के अध्यक्ष कुंजिका प्रसाद उनियाल ने कहा कि प्रचार प्रसार के अभाव में गढ़वाल के गढ़ पहचान खो रहे हैं।
समिति की मांग पर पर्यटन मंत्रालय ने उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, जिस पर कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने पौड़ी, चमोली, टिहरी व रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारियों को इन गढ़ों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।