सुंदरबनी । उपजिला तथा आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को तीसरे दिन भी मूसलाधार बारिश होने से फसलों को लेकर किसानों की दिक्कतें बढ़ने लगी हैं। हालांकि दो दिन से हो रही बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिलने के साथ ही क्षेत्र का मौसम सुहावना हो गया है। अब और ज्यादा बारिश होने के कारण मक्की तथा दाल की फसलों को नुकसान हो रहा है। इस समय क्षेत्र में मक्की की फसल तैयार हो चुकी है। किसान फसल की कटाई की तैयारी में हैं। अगर दो चार दिन ऐसे ही बारिश जारी रही तो मक्की की तैयार फसल को नुकसान हो सकता है।
अवैध रूप से शराब ला रहा युवक गिरफ्तार
सुंदरबनी । कुछ दिन से बार तथा वाइन शाप बंद रहने के कारण कुछ लोगों ने अवैध रूप से दूसरी जगहों से शराब की तस्करी करके सुंदरबनी नगर में अवैध रूप से बेचने का धंधा शुरू कर दिया है। पुलिस ने पुख्ता जानकारी मिलने पर सुंदरबनी बाजाबांई मार्ग पर नाका लगाकर मंगलवार को एक युवक चमन लाल निवासी वार्ड-चार को अवैध रूप से वाइन शाप से शराब खरीदकर सुंदरबनी लाते हुए पकड़ लिया। उसके कब्जे से चार बोतल व बीस क्वार्टर शराब बरामद हुई। उसके खिलाफ अवैध रूप से शराब बेचने का मामला दर्ज कर लिया है। संवाद