सेना ने बाल आश्रम में खेल सामग्री और कोविड किट वितरित की
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोेरी। सेना ने स्थानीय आबादी को सहायता प्रदान करने में मुख्य भूमिका निभा रही है। वंचित बच्चों की सहायता के लिए जिले के समोट स्थित बाल आश्रम बुद्धल में सेना ने वीरवार को खेल सामग्री और कोविड आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया।
बाल आश्रम वंचित बच्चों और अनाथों का घर है। यहां उन्हें रहने और उनकी शिक्षा को आगे बढ़ाने की सुविधा प्रदान की जाती है। इस वर्ष के दौरान कुल 55 छात्रों का नामांकन किया गया है, लेकिन कोविड स्थिति के कारण 9 वर्ष से 15 वर्ष की आयु के बीच 30 छात्र ही आश्रम में मौजूद हैं, जो सरकारी हाई स्कूल और मिडिल स्कूल बुद्धल से शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इन बच्चों को प्रेरित करने के लिए सेना ने बाल आश्रम में मौजूद इन 30 छात्रों को वॉलीबाल, क्रिकेट किट, शटल के साथ बैडमिंटन सेट, नेट और कोविड आवश्यक वस्तुओं सहित खेल संबंधी वस्तुओं का वितरण किया। बच्चों के बीच मनोबल बढ़ाने और कोविड जागरूकता बढ़ाने के लिए सेना द्वारा शिक्षा और कोविड जागरूकता पर प्रेरणा व्याख्यान भी दिया गया। बच्चों की मूलभूत आवश्यकताओं की देखभाल करने से न केवल खेल संस्कृति और पाठ्येतर गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यह युवा नवोदित दिमागों के लिए उपयुक्त मनोरंजक सुविधाएं भी प्रदान करेगा।