कोटरंका से बड्डाल सड़क की खस्ता हालत पर रोष.
राजोरी। जिले की कोटरंका के बड्डाल क्षेत्र को सब डिवीजन मुख्यालय से जोड़ने वाली सड़क की खस्ता हालत को लेकर लोगों में रोष है। इन दिनों बारिश के चलते सड़क पर पस्सी गिरने के बाद जब प्रशासन व संबंधित विभाग ने सड़क पर गिरी पस्सी हटाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया तो मजबूर होकर लोगों ने खुद ही पस्सी हटाने का काम शुरू कर दिया।
गुस्साए लोगों ने बताया कि संबंधित विभाग और प्रशासन की लापरवाही के चलते लोगों को कड़ी दिक्क़तों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क इस हद तक खस्ताहाल है कि उस पर दोपहिया से लेकर चार पहिया वाहनोें का चलाना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। हालांकि सड़क की मरम्मत को लेकर ग्रामीणों द्वारा बार-बार प्रशासन व नेताओं के समक्ष भी गुहार लगाई गई। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वहीं, खस्ताहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों में भी काफी रोष देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत देखकर खुद अनुमान लगाया जा सकता है कि यहां किस हद तक विकास कार्य हुए है।
स्थानीय ग्रामीण व सामाजिक कार्यकर्ता ठाकुर दिनेश सिंह ने कहा कि पिछले 30 साल से सड़क की बदहाल दशा ने हम ग्रामीणों की परेशानी को बढ़ा रखा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के चुनाव के समय नेता जुल्फिकार जोकि विधायक व मंत्री थे, ने जब दौरा किया गया था तो उन्होंने आश्वासन दिया था कि 40 दिन के अंदर सड़क की मरम्मत व तारकोल का कार्य शुरू होगा, लेकिन वह आश्वासन भी कोरा निकला और सड़क की हालत अभी भी वही बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सड़क अब अपना अस्तित्व खो रही है और अब बारिश बरसात में यही लग रहा है कि सड़क का नामोनिशान तक मिट जाएगा।
-----
फंड्स की कमी के कारण सड़क के निर्माण में देरी हो रही है। व्यवस्था होने पर सड़क निर्माण कराया जाएगा।
-शकील अहमद, एईई, पीडब्ल्यूडी