राजोरी। शांतिपूर्ण और हरेभरे राजोेरी के संदेश को फैलाने के लिए ऐस ऑफ स्पेड्स गनर्स और फारेस्ट डिवीजन ने हाथ मिलाया है। रविवार को सरपंचों के साथ मिलकर 250 से अधिक पौधों का एक विशाल पौधरोपण अभियान का आयोजन किया गया। जिसमें सभी ने खुद को प्रकृति के प्रति समर्पित करने का संकल्प लिया और पौधे लगाने के साथ उनकी रक्षा करने के जिम्मेदारी ली। वहीं इस अवसर पर एक सैन्य अधिकारी ने कहा कि मानव समाज निजी स्वार्थों के चक्कर में प्रकृति का नाश करने पर आमादा है।
पौधों की अंधाधुंध कटाई हो रही है। अगर यही हाल रहा तो धरती वृक्ष विहीन हो जाएगी। उन्होंने मौजूद लोगों से आग्रह किया कि वे इस मुहिम के सहभागी बनें। पर्यावरण के प्रति जागरूक रहें, ताकि आने वाली पीढ़ी को जीने के लिए शुद्ध वायु मिल सके। वहीं इस अवसर पर मौजूद वन विभाग के अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि पौधरोपण से पर्यावरण संतुलित रहेगा। ऑक्सीजन प्रचुर मात्रा में सभी को मिलेगी। उन्होंने हरेभरे वातावरण से होने वाले लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी और लोगों से पौधे लगाने के साथ उनकी रक्षा करने का आह्वान किया।