कामसर निवासियों ने मोहल्ले के बीच कब्रिस्तान बनाए जाने का विरोध करते हुए बुधवार को हंगामा किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कब्रिस्तान के लिए जमीन समतल बनाने के लिए काम पर लगी नगरपालिका की जेसीबी पर पथराव किया और उसके शीशे तोड़ डाले। जिस पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए एक महिला सहित कुछ लोगों को हिरासत में लिया, जिन्हें देर शाम रिहा कर दिया गया।
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे के नगर के वार्ड नंबर 3 मोहल्ला कामसर में उस समय तनाव और पत्थरबाजी शुरू हो गई। जब मोहल्ले में नगरपालिका की जेसीबी के साथ ईओ नगरपालिका, तहसीलदार पुंछ और पुलिस बल ईसाई समुदाय को कब्रिस्तान बनाने के लिए प्रशासन द्वारा दी जाने वाली जमीन की निशानदेही करने के साथ उसे समतल करवाने पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष रिहायशी इलाके में कब्रिस्तान बनाए जाने का विरोध करने लगे। लोगों ने जेसीबी को बीच रास्ते में रोक लिया।
जब अधिकारियों ने जबरदस्ती मशीन को आगे ले जाने का प्रयास किया तो प्रदर्शनकारियों ने पथराव करते हुए मशीन के शीशे तोड़ डाले, जिस पर पुलिस ने निर्मला देवी सहित कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। गौरतलब है कि नगर में पिछले दिनों आई बाढ़ से ईसाई समुदाय का मोहल्ला पुरानी पुंछ स्थित कब्रिस्तान बह गया था, जिसके बदले दूसरे स्थान पर जमीन देने की मांग समुदाय के लोगों ने की थी। जिसके चलते प्रशासन ने ईसाई समुदाय को कामसर मोहल्ले में कब्रिस्तान बनाने के लिए जमीन दी है।