राजोरी। चैत्र नवरात्र का शुभारंभ शनिवार से हो गया। प्रथम दिन माता शैलपुत्री की आराधना की गई। राजोरी शहर व आसपास के देवी मंदिरों में ब्रह्म मुहूर्त से ही पूजा करने के लिए भक्तों की कतारें लग गईं। इस दौरान मंदिर परिसर मातारानी के जयकारों से गूंज उठा।
नवदुर्गा के पहले दिन भक्तों ने माता शैलपुत्री की विधिवत पूजा की। भक्तों ने विभिन्न पूजा स्थलों पर घट कलश की स्थापना की। वहीं महिलाओं की टोलियां हाथ में जल व कलश लिए मंदिरों में भक्तिगीत गाती पहुंची। दोपहर तक शहर के जवाहर नगर स्थित संतोषी माता मंदिर, भोली माता मंदिर और पलमा स्थित संतोषी माता मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
धूमधाम से शुरू हुआ चैत्र नवरात्र महोत्सव
सुंदरबनी। सुंदरबनी और उसके आसपास के क्षेत्रों में शनिवार को धूमधाम से चैत्र नवरात्र महोत्सव की शुरूआत हुई। पवित्र चैत्र नवरात्र को लेकर कई दिनों से लोगों में काफी उत्साह बना है और लोग मंदिरों और अन्य पूजा स्थलों की सजावट में लगे थे। शनिवार सुबह से ही मंदिरों में नवरात्रों को लेकर विशेष पूजा-अर्चना के लिए एकत्र होना शुरू हो गए। नौ दिनों तक चलने बाले चैत्र नवरात्रों की शुरूआत हो गई है। इसी प्रकार सुंदरबनी नगर के वार्ड चार में स्थित शक्ति संस्थान में भी पवित्र चैत्र नवरात्रों को लेकर निरंतर चलने बाले जय मां अंबे जय जगदंबे के अखंड पाठ की शुरूआत हो गई। जिसका समापन अष्टमी के दिन कंजक पूजन के साथ होगा।